फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शादी के सात साल बाद एक महिला का दांपत्य जीवन मारपीट और उत्पीड़न की भेंट चढ़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत रहने वाले पति ने पहले गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसका गर्भपात हो गया और बाद में दोबारा मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला भिटौरा रेलवे स्टेशन निवासी सुभाष वर्मा ने करीब सात वर्ष पूर्व अपनी बेटी पूजा की शादी बदायूं जनपद के कस्बा बिल्सी निवासी अमित वर्मा से की थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक चला, लेकिन कुछ समय बाद अमित वर्मा शराब का आदी हो गया और नशे की हालत में पूजा के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि एक बार बुरी तरह पीटने से पूजा का गर्भ भी गिर गया।
परिवार के लोगों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मजबूर होकर सुभाष वर्मा अपनी बेटी को मायके ले आए और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौता हो गया, जिसके बाद पूजा फिर से अपने ससुराल चली गई।
बताया जाता है कि करीब तीन साल तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। आरोप है कि पति अमित वर्मा के साथ देवर सुमित वर्मा, ससुर महेंद्रपाल वर्मा और ननद निशी वर्मा भी पूजा के साथ मारपीट करने लगे। हालात बिगड़ने पर पिता सुभाष वर्मा दोबारा अपनी बेटी को मायके ले आए।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति अमित वर्मा, देवर सुमित वर्मा, ससुर महेंद्रपाल वर्मा और ननद निशी वर्मा के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली