सोनभद्र। रेणुकूट क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित साखू लकड़ी से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने निगरानी शुरू की। मुर्धवा मोड़ के पास चालक ने घिरता देख ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर रॉबर्ट्सगंज मंडी के पास उसे रोक लिया। जांच में चालक पंचम सिंह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। प्रारंभिक जांच में एक फॉर्च्यूनर वाहन द्वारा ट्रक की रेकी की आशंका भी जताई जा रही है।
वन विभाग ने लकड़ी से भरे ट्रक को कब्जे में ले सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया। विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।