दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
स्थानीय कचहरी परिसर में लगे आरओ प्लांट की बिजली आपूर्ति दो दिनों से बाधित होने के कारण पानी फिल्टर नहीं हो पा रहा है। इससे अधिवक्ताओं, वादकारियों और आसपास के लोगों को पीने के स्वच्छ पानी के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।
हिंडाल्को द्वारा लगाए गए इस आरओ प्लांट पर निर्भर कचहरी परिसर के सैकड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय अधिवक्ता आशीष गुप्ता ने बताया कि दो दिनों से प्लांट बंद पड़ा है, जिससे हमें बाजार से महंगे पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। प्रशासन को शीघ्र बिजली बहाल करानी चाहिए। वादकारी मीना देवी ने भी पीने के पानी की कमी से उत्पन्न परेशानी का जिक्र किया।
कचहरी परिसर में प्रतिदिन सैकड़ों अधिवक्ता, वादकारी और स्टाफ आते-जाते हैं, जहां यह प्लांट एकमात्र स्वच्छ पानी का स्रोत था। बिजली विभाग से संपर्क करने पर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।