रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा|किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को पोरसा तहसील परिसर में किसान कांग्रेस के नेतृत्व में नायब तहसीलदार श्यामसुंदर जी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों से जुड़े अहम मुद्दों को उठाते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई। वर्तमान में यह तिथि 28 मार्च निर्धारित है, जबकि गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी 1 अप्रैल से शुरू होनी है। किसानों का कहना है कि यदि तिथि बढ़ाई जाती है, तो वे अपनी उपज बेचने के बाद बिना ब्याज के ऋण जमा कर सकेंगे, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
इसके अलावा किसानों ने अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील में सोयाबीन ऑयल के टैक्स-फ्री आयात पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि इससे देशी सोयाबीन उत्पादकों को नुकसान हो रहा है और आय प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कर मुआवजा व फसल बीमा राशि शीघ्र देने की भी मांग उठाई गई।
एक अन्य महत्वपूर्ण मांग के तहत गेहूं की खरीदी 4000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग रखी गई, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
इस दौरान विधायक देवेंद्र सखवार, , रमन सिंह तोमर (ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस), बिष्णु प्रताप सिंह तोमर पूर्व ब्लाक अध्यक्ष, मोनू सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष अम्बाह,अरविंद हिंडोलिया (नगर ब्लॉक अध्यक्ष पोरसा), मदन मोहन कटारे, मोनू सिंह तोमर, महेश शिवहरे (पूर्व पार्षद), अनिल शर्मा, संजय सिंह सिकरवार,संजीव जैन, लक्ष्मण सिंह माहौर, इकबाल खान, बाबूलाल सखवार, राम विशाल सिंह तोमर, विनोद शर्मा, राजवीर सिंह तोमर, , अजय सेनी, हरी सिंह नरवरिया, प्रदीप सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।