राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को पन्ना तिराहा स्थित सत्कार कैफे एंड रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में कई गंभीर अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिस पर संचालक अंशुल जैन को सुधार सूचना पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
निरीक्षण में पाया गया कि कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। पेस्ट कंट्रोल से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए, जबकि साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी।
किचन में कार्यरत कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे थे और बिना कैप व एप्रन के काम करते पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।
टीम ने गुणवत्ता में संदेह के आधार पर पनीर, दही, दूध और स्वीट कॉर्न के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने का सख्त संदेश मिला है।