राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत वेंकट वार्ड क्रमांक 13 में नरेन्द्र गली से आधारकाप तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव को मेयर इन काउंसिल की बैठक में सहमति मिल गई। लंबे समय से लंबित इस मांग को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया है।
बैठक में क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी ने बताया कि सड़क के अभाव में क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। दैनिक उपयोग, आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। नागरिकों द्वारा लगातार सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी।
विचार-विमर्श के दौरान निर्णय लिया गया कि मूलभूत सुविधाओं के अंतर्गत इस मार्ग का निर्माण आवश्यक है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी देते हुए अंतिम स्वीकृति के लिए आगामी निगम सम्मिलन की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।