दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
जनपद सोनभद्र के दुद्धी और विंढमगंज क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक व हॉस्पिटल्स पर स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को सख्ती दिखाई। निजी हॉस्पिटल पंजीकरण नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर तीन प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मच गया, कई ने अपने हॉस्पिटल बंद कर भाग गए।
टीम ने सबसे पहले दुद्धी के समृद्धि हॉस्पिटल पर दबिश दी। वहां संचालक ने पंजीकरण के वैध कागजात नहीं दिखाए, जिसके चलते हॉस्पिटल सील हो गया। टीम ने बिना पंजीकरण संचालन पर एफआईआर की चेतावनी भी दी। इसके बाद विंढमगंज पहुंची टीम ने बिना नाम के एक क्लीनिक को सील किया और संचालक औरंगजेब को नोटिस थमाया।
सबसे गंभीर मामला परी हॉस्पिटल का निकला, जहां कोई बोर्ड तक नहीं था। संचालक सूरज कुमार दूबे बिना डॉक्टर के चार नवजात शिशुओं का इलाज कर रहे थे, जो नियमों का घोर उल्लंघन है। टीम ने हॉस्पिटल सील कर सभी शिशुओं को सीएचसी दुद्धी रेफर कर दिया।
डॉ. गुलाब शंकर यादव ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा के लिए ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। सीएचसी अधीक्षकों को भी अवैध हॉस्पिटल्स की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान से इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं की अनियमितताओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।