कटनी /विजयराघवगढ़ – गुरुवार 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बजरंग दल विजयराघवगढ़ के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा किले के पीछे स्थित हनुमान जी महाराज के मंदिर से प्रारंभ हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई प्राचीन संकट मोचन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में भक्तवत्सल हनुमान जी महाराज की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं दुर्गा वाहिनी की मातृशक्ति की टोली भी शोभायात्रा में शामिल हुई। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
पूरे नगर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों से पूरा विजयराघवगढ़ गूंज उठा। इस आयोजन में विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों और नगरों से बड़ी संख्या में सनातनी युवा शामिल हुए।
शोभायात्रा के अंतिम चरण में संकट मोचन चौराहे पर सभी युवाओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसके बाद श्रीराम के जयकारों से पूरा चौराहा गुंजायमान हो उठा।
अंत में प्राचीन संकट मोचन मंदिर में हनुमान जी महाराज की भव्य महाआरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।
विजयराघवगढ़ तहसील संवादाता श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट