बरेली। जनपद के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बड़ा बाईपास पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परधौली तिराहे के पास सड़क किनारे खड़े क्षतिग्रस्त टैंकर से तेज रफ्तार बोलेरो कार टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि पीछे से आ रही बाइक भी बोलेरो में जा घुसी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने कुछ की हालत नाजुक बताई है। हादसे के बाद बाईपास पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस टैंकर से यह हादसा हुआ, वह पहले से ही सड़क किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले इसी स्थान पर शीरे से भरे टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी, लेकिन क्षतिग्रस्त टैंकर को समय पर हटाया नहीं गया। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में बाइक सवार अटा कायस्थान निवासी 45 वर्षीय साहबजाद खां और 65 वर्षीय मुमताज खां की पहचान हो चुकी है। दोनों मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। वहीं बोलेरो सवार अन्य मृतकों की शिनाख्त देर रात तक नहीं हो सकी।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को समय रहते न हटाने को हादसे की बड़ी वजह बताया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली