सहारनपुर। थाना जनकपुरी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए टपरी डिस्टलरी शराब घोटाले से जुड़े तीन आरोपियों की कुल 48 करोड़ 99 लाख 16 हजार रुपये की चल और अचल संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क कर ली है।
मामला सहारनपुर की कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड टपरी से जुड़ा है, जहां मुख्य आरोपी प्रणय अनेजा समेत गिरोह ने मात्र 11 महीनों में लगभग 35 करोड़ रुपये की एक्साइज ड्यूटी चोरी की। गिरोह ने अवैध रूप से ज्यादा देशी शराब बनाई, परिवहन और बिक्री की, साथ ही जीएसटी, इनकम टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अपराध किए। इस मामले में 2021 में लखनऊ के एसआईटी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें कुल 30 अभियुक्त शामिल पाए गए। बाद में सहारनपुर के कोतवाली देहात थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
03 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह की टीम ने जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर बरेली निवासी तीन जायसवाल भाइयों की संपत्तियां जब्त कीं। इनमें बरेली के हरूनगला, शेरपुर दन्नूवाल नगर और पीलीभीत बाईपास पर स्थित कृषि भूमि, आवासीय प्लॉट, मकान और बड़ा व्यवसायिक भूखंड शामिल हैं, जिनका बाजार मूल्य कुल 48.99 करोड़ रुपये है। कुर्क किए गए मुख्य अभियुक्त: मनोज जायसवाल, अजय जायसवाल वह नीरज जायसवाल (सभी बरेली के ग्रीन पार्क/बारादरी क्षेत्र से संबंधित). यह कार्रवाई अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति जब्त करने के विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे माफिया गिरोहों पर लगातार सख्ती बरती जाएगी, ताकि सरकार के राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह, निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, निरीक्षक लाल सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार शर्मा, हैड कांस्टेबल अय्यूब अली और मनवीर सिंह। यह बड़ी कुर्की सहारनपुर पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम को नई मजबूती देगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़