रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा|शहर की मुख्य सब्जी मंडी में जरा सी बारिश के बाद कीचड़ फैलने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद मंडी परिसर की स्थिति और खराब हो गई, जिससे सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों को चलना तक मुश्किल हो गया।
सब्जी जैसी दैनिक आवश्यकता की वस्तु खरीदने के लिए आने वाले लोगों को कीचड़ के कारण कपड़े खराब होने और फिसलने का खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते थोड़ी सी बारिश में ही हालात बदतर हो जाते हैं।
बताया जा रहा है कि कई सब्जी विक्रेता अपनी दुकानों से निकलने वाली मिट्टी को सामने ही डाल देते हैं। यही मिट्टी बारिश के पानी के साथ मिलकर कीचड़ का रूप ले लेती है और पूरे क्षेत्र में फैल जाती है।
इस मामले में अवधेश सिंह सेंगर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, ने कहा कि मंडी में कीचड़ की समस्या के लिए कुछ हद तक दुकानदारों की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि कई दुकानदार पानी निकासी मार्ग में मिट्टी डालकर उसे अवरुद्ध कर देते हैं, जिससे जलभराव की स्थिति बनती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही नगर पालिका द्वारा पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास भी किए जाएंगे।
नागरिकों ने नगर प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।