कटनी| जिले में ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कैमोर थाना क्षेत्र में जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद कटनी आरटीओ कार्यालय द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हाइवा और 2 बसों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार कैमोर थाना क्षेत्र में लंबे समय से ट्रक चालकों द्वारा ओवरलोड और हाई स्पीड वाहनों का संचालन किया जा रहा था, जिससे शासन के राजस्व को नुकसान होने के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। इसी को देखते हुए आरटीओ टीम ने आज दोपहर करीब 12 बजे क्षेत्र में अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की और 5 हाइवा तथा 2 बसों को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में ग्राम गुड़गढुआ में स्थानीय निवासियों ने ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के विरोध में एसीसी डंफर रोड पर चक्का जाम किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि हाइवा वाहन करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं, जिससे कई बार लोग घायल हो चुके हैं और कई मवेशी भी वाहनों की चपेट में आकर मर चुके हैं।
ग्रामीणों का गुस्सा उस समय और बढ़ गया जब ग्राम सचिव राकेश दुबे के वाहन से दुर्घटना हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। हालांकि करीब एक घंटे बाद पुलिस की समझाइश के बाद जाम समाप्त कर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट