डबरा। 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर प्रस्तावित रैली को लेकर तहसील सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डबरा विधायक सुरेश राजे सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एसडीएम रूपेश रतन सिंघई, एसडीओपी सौरव कुमार, देहात थाना प्रभारी मनोज कुमार (IPS), डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र बंटी राजा ने व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रैली को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान भीम आर्मी और बाबा साहब के अनुयायियों ने शहर में 14 अप्रैल को निकलने वाली रैली के मार्ग में पुल पर लगे हाई गेज गाटर को हटाने की मांग प्रशासन के सामने रखी।
हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए फिलहाल गाटर हटाने की अनुमति नहीं दी। इस विषय पर बैठक में लंबी चर्चा हुई, लेकिन किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी।
वहीं विधायक सुरेश राजे ने भी प्रशासन से गाटर हटाने का अनुरोध किया, ताकि रैली मार्ग सुगम बनाया जा सके, लेकिन प्रशासन अपने निर्णय पर कायम रहा।
एसडीएम रूपेश रतन सिंघई ने रैली की जिम्मेदारी संभाल रहे आयोजकों से लगभग 100 कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आवश्यक स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।
इसके अलावा बैठक में यह भी तय किया गया कि रैली के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग कोलाहल नियंत्रण नियमों के तहत ही किया जाएगा।
इस निर्णय पर बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
हालांकि भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कहना है कि वे इस विषय को लेकर कलेक्टर से मुलाकात कर गाटर को अस्थायी रूप से हटाने का पुनः अनुरोध करेंगे, ताकि रैली मार्ग में किसी प्रकार की बाधा न आए।
रोहित पाण्डेय इंडिया टीवी न्यूज़ डबरा