कौशिक नाग- कोलकाता
मध्य प्रदेश के भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय को बंगाल जाने से डर लग रहा है. बंगाल में उनके खिलाफ कुल 38 मामले विभिन्न थानों में दर्ज है. भाजपा ने उन्हें बंगाल चुनाव से दूरी बनाने के लिए कह दिया है. पार्टी को भी यह डर सता रहा है कि अगर कैलाश विजयवर्गीय बंगाल गये तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है. बंगाल नहीं जाने के संबंध में पूछे जाने पर कैलाश विजयवर्गीय ने खुद मीडिया को बताया कि अगर वो चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने हालातों को देखते हुए बंगाल नहीं जाने का फैसला लिया है. हालांकि उन्होंने सभी मामलों को झूठा और फर्जी बताया है. मध्य प्रदेश सरकार में नगरी प्रशासन मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बात करते हुए कहा- बंगाल में मेरे ऊपर 38 फर्जी केस लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि बंगाल में उनकी गिरफ्तारी के लिए कई वारंट निकाले जा चुके हैं, ऐसे में अगर वो वहां जाएंगे तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी. उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से भी उनसे कहा कि आप वहां मत जाइए वर्ना नई मुसीबत खड़ी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी का कहना है कि उनके जाने से फिर कोई लफड़ा खड़ा हो जाएगा. किसी नए विवाद से बचने के लिए पार्टी ने उन्हें बंगाल जाने से मना किया है. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- मैं 6 साल वहां पर रहा हूं, मैं अगर आपके सामने आज जिंदा बैठा हूं तो यह बजरंगबली जी की कृपा है, वर्ना मेरी फोटो पर माल लग गई होती. हुमायूं कबीर और एक हजार करोड़ रुपए की डील पर उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि ममता दीदी का ही कुछ प्रयास है. ममता बनर्जी के पास बहुत सारे स्मगलर हैं, माफिया हैं, जो ममता दीदी को फिर से सरकार में लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं. हुमायूं कबीर से ममता दीदी घबरा गई थी.