शिवपुरी भोपाल
IPS एसोसिएशन, मध्यप्रदेश ने एक प्रेस नोट जारी कर जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस अधिकारी के प्रति की गई अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। एसोसिएशन ने इसे न केवल व्यक्तिगत गरिमा के विरुद्ध बल्कि प्रशासनिक तंत्र के मनोबल को प्रभावित करने वाला बताया है।
प्रेस नोट के अनुसार, करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र भाषा और धमकीपूर्ण व्यवहार सामने आया है, वह अत्यंत आपत्तिजनक एवं अनुचित है। एसोसिएशन ने कहा कि इस तरह की भाषा सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के विपरीत है और इससे पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी जनप्रतिनिधि से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण और भाषा में संयम एवं गरिमा बनाए रखें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और इससे प्रशासनिक निष्पक्षता प्रभावित होती है।
IPS एसोसिएशन, मध्यप्रदेश ने इस प्रकरण में उचित एवं सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अंत में एसोसिएशन ने यह भी उल्लेख किया कि सिविल सेवा दिवस के अवसर पर इस प्रकार की घटना सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है, और यह समय प्रशासनिक सेवाओं के सम्मान व गरिमा को सुदृढ़ करने का है।