सहारनपुर से ब्रेकिंग न्यूज़
सहारनपुर। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने कृषि विभाग के टेक्नीशियन अरुण कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमरनाथ निवासी दीदपुरा, अंबेहटा पीर थाना नकुड़ ने आरोप लगाया था कि उसके कार्य के बदले आरोपी कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी काफी समय से अपने पद का दुरुपयोग कर किसानों व दुकानदारों से अवैध वसूली कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद अरुण कुमार को थाना जनकपुरी लाया गया है, जहां उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। एंटी करप्शन टीम द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि—
क्या कृषि विभाग में और भी ऐसे कर्मचारी हैं जो रिश्वतखोरी में लिप्त हैं?
क्या इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की जांच होगी?
फिलहाल इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन सहारनपुर में यह मामला भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़े अभियान की शुरुआत भी बन सकता है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़