फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात मोहल्ला अंसारी में चोरों ने बन्द पड़े तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार लीलावती अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर अलमारी खंगाल दी। चोर एक सोने की चैन, तीन अंगूठी, सोने के झाले, चांदी की पाजेब, करीब 25 हजार रुपये नगद समेत कपड़ों से भरे दो बैग ट्रॉली लेकर फरार हो गए।
इसके बाद चोरों ने सामने रहने वाले संजीव कुमार के घर को निशाना बनाया। घर के बरामदे से इंडक्शन चुरा लिया, लेकिन घर में पत्नी और बच्चों की मौजूदगी के कारण बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। मोहल्ले में ही एक अन्य बंद मकान का ताला सरिया से तोड़कर चोर अंदर घुसे और संदूक में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब साढ़े छह हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चोरों की हरकतें कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली