कैमोर|सीबीएसई द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में विजयराघवगढ़ के प्रतिभाशाली छात्र देव निगम ने 487/500 अंक (97.4%) प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
शानदार प्रदर्शन से बनाई पहचान
देव निगम एसीसी डीएवी पब्लिक स्कूल, कैमोर के छात्र हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।विशेष रूप से सोशल साइंस में 100 में 100 अंक और गणित में 100 में 98 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
माता-पिता का रहा मजबूत संबल
देव की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।उनके पिता उमेश कुमार निगम जो विजयराघवगढ़ तहसील कार्यालय में पदस्थ हैं तथा माता संख्या निगम आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं।दोनों ने हर परिस्थिति में देव का हौसला बढ़ाया और सही मार्गदर्शन दिया, जिससे वे इस ऊंचाई तक पहुंच सके।
बिना कोचिंग हासिल की सफलता
देव ने बिना किसी कोचिंग के,केवल अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता प्राप्त की है। यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है कि समर्पण और सही दिशा में प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
परिवार की गौरवशाली परंपरा कायम
देव के परिवार में शिक्षा का सशक्त माहौल रहा है।उनकी बड़ी बहन वैष्णवी निगम ने वर्ष 2023-24 में इसी संस्था से मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।अब देव ने भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए परिवार का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षकों के प्रति जताया आभार
देव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन,प्रेरणा और निरंतर सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।उन्होंने सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
खुशी का माहौल, मिली शुभकामनाएं
देव की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, परिजन और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
प्रेरणा का बना उदाहरण
देव की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सच्ची लगन, कड़ी मेहनत,परिवार का सहयोग और गुरुओं का मार्गदर्शन मिले तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट