बांदा (उप्र)| बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक निजी सीमेंट संयंत्र के मुनीम को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार की रात डायल 112 को सूचना मिली कि मटौंध थाना क्षेत्र में खैराडा रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक अज्ञात बदमाशों ने विपिन दीक्षित के निजी सीमेंट संयंत्र में अंदर घुसकर मुनीम के पद पर कार्यरत पुष्पेंद्र सिंह (38) को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां पुष्पेंद्र की स्थिति सामान्य बतायी गयी है। उसके बाएं कंधे में गोली के छर्रे लगे हैं।
एएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
इस सिलसिले में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अब तक की जांच में हमले का कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चला है।
ब्यूरो रिपोर्ट: जरीना खातुन बांदा