राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए बाजार से लापता 10 वर्षीय बालिका को महज 12 घंटे के भीतर दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी लौट आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को फरियादी अपनी पत्नी और पोती के साथ सिलौंडी बाजार आया था। इसी दौरान खरीदारी करते समय ध्यान भटकने से बालिका भीड़ में कहीं गुम हो गई। शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा पुलिस तत्काल हरकत में आई और बालिका की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे के नेतृत्व में चौकी सिलौंडी पुलिस टीम ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया।
तलाश के दौरान कंट्रोल रूम के माध्यम से जिलेभर में सूचना प्रसारित की गई, सिलौंडी बाजार में एफआरवी के जरिए मुनादी कराई गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बालिका को उसके ननिहाल क्षेत्र कुंडम, जिला जबलपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद बालिका को सुरक्षित उसके दादा-दादी के सुपुर्द किया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा एवं धर्मवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।