राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के रीठी तहसील क्षेत्र में गेहूं खरीदी केंद्र को लेकर किसानों का आक्रोश सड़क पर नजर आया। नाराज़ किसानों ने कटनी-दमोह मुख्य मार्ग स्थित पटेहरा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
किसानों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा गेहूं खरीदी केंद्र रीठी से करीब 40 किलोमीटर दूर बाकल संयोलो में बनाया गया है, जिससे उन्हें फसल ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इतनी लंबी दूरी तय करना न केवल आर्थिक रूप से नुकसानदेह है, बल्कि शारीरिक रूप से भी कठिन है।
इससे पहले किसानों ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। बावजूद इसके जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो किसानों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्पष्ट कहा कि रीठी क्षेत्र में ही गेहूं खरीदी केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और यातायात प्रभावित है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन किसानों की मांगों पर कब तक ठोस निर्णय लेता है।