राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में गिरते भूजल स्तर को लेकर प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में है। इसी क्रम में चौकी निवार, थाना माधवनगर पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से नलकूप (बोरिंग) खनन कर रहे आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए बोरिंग मशीन सहित ट्रक जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक Abhinav Vishwakarma के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं थाना प्रभारी संजय दुबे, चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पहाड़ी निवार में बिना अनुमति बोर मशीन से नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर एक नीले रंग का Ashok Leyland truck (क्रमांक TS 12 EE 2289) बोरिंग मशीन के साथ खनन करते पाया।
जांच में सामने आया कि ग्राम पहाड़ी निवार निवासी ललित चौबे द्वारा अपने मकान के पीछे अवैध रूप से बोरिंग कराई जा रही थी। इसके लिए मंडला जिले के पिंडरई निवासी चालक हरिप्रसाद मालगाम (30 वर्ष) को मशीन सहित बुलाया गया था।
उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर के 25 मार्च 2026 के आदेश के तहत पूरे कटनी जिले में भूजल संरक्षण के मद्देनजर बोरिंग पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से ट्रक एवं बोरिंग मशीन जब्त कर चालक से अनुमति पत्र मांगा, जो प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर आरोपी ललित चौबे एवं हरिप्रसाद मालगाम के विरुद्ध धारा 223, 3(5) बीएनएस एवं म.प्र. पेयजल परीक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज किया गया।
साथ ही आरोपियों को बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत नोटिस देकर मामले को विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, आरक्षक अरविंद एवं वकील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरते भूजल स्तर को देखते हुए अवैध बोरिंग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।