अकरम खान पटेल की रिपोर्ट
चिचोली। शनिवार को नगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी सगीर अहमद (सज्जू भाई) और उनकी धर्मपत्नी पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर जय स्तंभ चौक पर एक संक्षिप्त विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहाँ नगर के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर और गले लगाकर अपनी शुभकामनाएं दीं।
फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
जैसे ही सगीर अहमद और उनकी पत्नी जय स्तंभ चौक पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने पूरे उत्साह के साथ उनका इस्तेकबाल किया। भाजपा नेता आशुतोष बाली मालवीय, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना मालवीय और वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा रितेश मालवीय ने स्वागत कर सफल यात्रा की कामना की।
देश की एकता और खुशहाली की अपील
विदाई के इस भावुक क्षण में उपस्थित नेताओं और नागरिकों ने जायरीनों से विशेष आग्रह किया कि वे मक्का-मदीना की पवित्र धरती पर पहुंचकर देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ करें।
समारोह में ये रहे उपस्थित:
इस दौरान वरिष्ठ नेता अनिल सिंह कुशवाहा, मुकेश मालवीय, संजय अवलेकर, पार्षद मोटू यादव सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक और वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने दुआओं के साथ उन्हें हज के सफर के लिए विदा किया।