राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कछगवां (जोवा) में एक 52 वर्षीय प्रौढ़ की संदिग्ध परिस्थितियों में जिंदा जलने से मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ने उस समय तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
मृतक की पहचान रघुनाथ पटेल (52) पिता जगदीश पटेल के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत की दुकानों में कबाड़ का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे उनका बेटा पंकज जब दुकान पहुंचा, तो वहां आग लगी हुई थी और रघुनाथ अंदर गंभीर रूप से झुलसे हुए पड़े थे। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति जलता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश और गहरा गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका पुराना विवाद चल रहा था और उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार शाम कैमोर रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब दो घंटे की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।