रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|पोरसा लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार मुरैना जिले के विकासखंड पोरसा अंतर्गत ग्राम पंचायत रजौधा, अर्रोन एवं सिकेरा में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। ग्राम रजौधा एवं अर्रोन के भ्रमण के बाद ग्राम सिकेरा में कलेक्टर की उपस्थिति में रात्रि चौपाल आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
चौपाल में उठे प्रमुख मुद्दे
ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। महिलाओं ने लाड़ली लक्ष्मी योजना में विशेष रुचि दिखाई। वहीं भूमि विवाद, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर के सख्त निर्देश
कलेक्टर जांगिड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है—गांव तक पहुंचकर मौके पर समाधान देना।
विकास कार्यों को मिली गति
अधूरी 16 मीटर पाइपलाइन को 20 मई तक पूर्ण करने के निर्देश (नल-जल योजना हेतु)
करीब 900 मीटर सड़क उन्नयन कर शीघ्र सीसी रोड निर्माण के निर्देश
किसानों के लिए मिट्टी परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश
विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु विशेष शिविर
वर्षा में क्षतिग्रस्त पुलिया (रपटा) की गुणवत्ता जांच और मजबूत निर्माण के निर्देश
अधिकारियों की मौजूदगी
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, रामनिवास सिकरवार सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सिंचाई और पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने की सराहना
अभियान के तहत कलेक्टर ने गांव में स्वच्छता और अन्य जनहित कार्यों का निरीक्षण भी किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।