राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को एम.आई.सी. सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में निगम की विभिन्न शाखाओं के कार्यों, योजनाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सुशासन को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उपयुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन, राजस्व वसूली, पेयजल आपूर्ति, निर्माण कार्यों और शासन की प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं के संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जल संरक्षण पर विशेष जोर
“जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रीष्मकाल में जल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए लीकेज पाइपलाइन सुधार, हैंडपंप मरम्मत, पाइपलाइन विस्तार और जरूरत अनुसार टैंकर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फायर सेफ्टी और अवैध प्लाटिंग पर सख्ती
जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बहुमंजिला भवनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ अवैध प्लाटिंग पर निगरानी बढ़ाकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा गया।
शासकीय योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
संबल योजना, पीएम स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ई-केवाईसी जैसे प्रकरणों की समीक्षा कर लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने और अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की प्रगति पर नजर
प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी), एएचपी योजना के अंतर्गत झिंझरी आवास और अमृत योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार व रेस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य पर फोकस
नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए निगमायुक्त ने नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डवार फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव, आवारा मवेशियों पर नियंत्रण और वर्षा पूर्व नालों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग पर कड़ा रुख
ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्टिंग को लेकर गंभीर प्रयास करने के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने निर्माण कार्य शुरू न करने वाले आवंटियों को अंतिम नोटिस जारी करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यवसायियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
अन्य विषयों की भी समीक्षा
बैठक में ई-ऑफिस संचालन, अतिक्रमण, न्यायालयीन प्रकरणों और महापौर जनसुनवाई के लंबित मामलों की समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।