सहारनपुर: जिले में लगातार बढ़ती गर्मी ने अब स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। तापमान में तेज़ इज़ाफा होने के कारण सुबह से ही तेज धूप और लू जैसे हालात बन रहे हैं, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अभिभावकों ने जिला प्रशासन से इस विषय में संज्ञान लेने की मांग की है।
अभिभावकों का कहना है कि मौजूदा मौसम को देखते हुए या तो स्कूलों में समर वेकेशन पहले घोषित किया जाए, या फिर स्कूल के समय में बदलाव कर कक्षाएं सुबह जल्दी शुरू कर 11 या 12 बजे तक समाप्त कर दी जाएं, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिल सके।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक मासूम बच्ची का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह छुट्टियों की मांग करते हुए भावुक अपील कर रही है। बच्ची ने स्थानीय सांसद इमरान मसूद से भी स्कूलों में जल्द छुट्टियां घोषित कराने की गुहार लगाई है। इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है और अभिभावकों की मांग को और मजबूती दी है।
अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं।अभिभावकों को उम्मीद है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही इस दिशा में उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे, जिससे स्कूली बच्चों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़