दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय थाना क्षेत्र के अमवार चौकी के सिधवादामर गांव में शनिवार रात भाई ने अपनी बहन के पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी इलाज हेतु भर्ती कराया गया है।
पीड़िता रजवंती देवी ने अपने सगे भाई राजेश पुत्र पांचू राम पर गाली-गलौज, मारपीट और कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार , 2 मई शनिवार रात करीब 11 बजे आरोपी राजेश पीड़िता के घर पहुंचा और बेवजह विवाद करने लगा। विरोध पर उसने रजवंती के साथ मारपीट की तथा उनके पति सीताराम को भी पीटा।
शोर सुनकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर आरोपी को भगा दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह कुल्हाड़ी लेकर लौटा और सीताराम की गर्दन पर वार कर दिया। घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। एम्बुलेंस से सीताराम को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने आरोपी भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।