राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राममनोहर लोहिया वार्ड और बाल गंगाधर तिलक वार्ड में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
राममनोहर लोहिया वार्ड के अहमद नगर क्षेत्र में 39.15 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती थी। नाली निर्माण पूर्ण होने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा, जिससे गंदे पानी के जमाव और उससे होने वाली परेशानियों से नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य और आवागमन की स्थिति भी बेहतर होगी।
वहीं, बाल गंगाधर तिलक वार्ड अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगभग 15.91 लाख रुपये की लागत से एप्रोच रोड के डामरीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जर्जर सड़क के कारण हो रही समस्याओं से भी नागरिकों को निजात मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर एवं जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। क्षेत्रीय पार्षदों ने कहा कि इन कार्यों से वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कर नागरिकों तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।