राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली उल्लेखनीय सफलता पर कटनी महापौर प्रीति संजीव सूरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है।
महापौर श्रीमती सूरी ने अपने संदेश में कहा कि यह चुनाव परिणाम देश के दूरदर्शी नेतृत्व, जनहितकारी नीतियों और सतत विकास कार्यों पर जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ भाजपा ने समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है, जिससे आमजन का भरोसा और सशक्त हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों की पारदर्शी कार्यप्रणाली, निर्णायक नेतृत्व और गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के लिए संचालित योजनाओं ने जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। यही जनविश्वास इन राज्यों के चुनाव परिणामों में साफ तौर पर परिलक्षित होता है।
महापौर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह और समर्पण के साथ जनसेवा में जुटे रहें तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में उन्होंने कहा कि यह जीत लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है, जो देश को प्रगति और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम साबित होगी।