राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के रामजानकी हनुमान वार्ड में विकास कार्यों का शुभारंभ एक भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल में किया गया, जब वार्ड की कन्या मुस्कान रजक के हाथों विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस पहल ने कार्यक्रम को सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक संवेदना से जोड़ दिया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता एवं मेयर इन काउंसिल के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड को लगभग 33.05 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई। इस अंतर्गत सड़क मस्जिद से रमाकांत तिवारी एवं श्री प्रीतम सिंह से सहारा टेंट हाउस तक सड़क निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों के पूर्ण होने से वार्ड में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन की सुविधाओं में भी सुधार होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
वहीं क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने बताया कि वार्ड में लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्याएं बनी हुई थीं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ड के समग्र विकास के लिए आगे भी इसी तरह कार्य जारी रहेंगे।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जय नारायण निषाद, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद डब्बू रजक, कमलेश चौधरी, चोखे भाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर विकास कार्यों के प्रति उत्साह व्यक्त किया।