राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम कटनी में आयोजित साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई अब आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच बनती जा रही है। हर मंगलवार आयोजित होने वाली इस पहल में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल, सड़क, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई की गई। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान एक मानवीय और प्रेरणादायक दृश्य भी सामने आया। एक वृद्ध महिला सीढ़ियां चढ़कर जनसुनवाई स्थल तक नहीं पहुंच सकीं, तो महापौर स्वयं नीचे पहुंचीं और उनकी समस्या सुनी। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
सीधे संवाद की इस व्यवस्था से नागरिकों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना आसान हो गया है। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिससे लोगों में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास साफ नजर आया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे शिकायतों के निराकरण में तेजी आई।
महापौर श्रीमती सूरी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे रखें और इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।