राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।बरसात से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने तेज रफ्तार कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर प्रीति संजीव सूरी के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद बस स्टैंड क्षेत्र के नालों से अतिक्रमण हटाते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या को पूरी तरह नियंत्रित करना है।
नालों पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
निगम के अतिक्रमण अमले ने नालों के ऊपर और आसपास किए गए अस्थायी कब्जों पर सख्ती दिखाई। कार्रवाई के दौरान बहाव में बाधा बन रहे टपरों, नर्सरी और अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी को सुचारु किया गया।
पहले चेतावनी, फिर कार्रवाई
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से तीन दिन पहले मुनादी कर संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बाद भी कब्जे नहीं हटाने पर निगम ने हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की मदद से संरचनाओं को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया।
सफाई पर विशेष जोर
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नालों की गहन सफाई भी की जा रही है। नालों में जमी गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।
नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है, तभी जलभराव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सकेगी।