राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी|आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार शाम साधुराम स्कूल परिसर में वृहद स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने का पूर्वाभ्यास किया गया। यह अभ्यास प्रशासन के मार्गदर्शन और निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
काल्पनिक ब्लास्ट और आग की स्थिति में किया गया रेस्क्यू अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान स्कूल के ऊपरी हिस्से में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन दल, एसडीआरएफ टीम और अन्य विभागों के अमले मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड और SDRF का समन्वित प्रदर्शन
अभ्यास के दौरान फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई की, वहीं एसडीआरएफ टीम ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया। स्ट्रेचर के माध्यम से रेस्क्यू, आपातकालीन निकासी और त्वरित संचार व्यवस्था का भी व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
जागरूकता और प्रशिक्षण पर भी जोर
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल विभागीय तैयारियों का आकलन नहीं, बल्कि आम नागरिकों और विद्यार्थियों में भी आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान आग लगने के कारणों, जैसे शॉर्ट सर्किट और गैस रिसाव से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई, साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का लाइव डेमो भी कराया गया।
भविष्य की तैयारी को मिलेगा बल
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का व्यापक परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे नियमित अभ्यास किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटने में बेहद कारगर साबित होते हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीआरएफ प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता, फायर प्रभारी मृदुल श्रीवास्तव, फायर इंचार्ज शैलेन्द्र दुबे सहित नगर निगम और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद रहीं।