राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम द्वारा नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए बकाया करों पर लगने वाले अधिभार (पेनाल्टी) में 100 प्रतिशत तक की छूट प्रदान करने के उद्देश्य से 9 मई, शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल मध्य प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर की जा रही है।
महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने बकाया संपत्ति कर एवं जलकर का भुगतान कर नगर के विकास में सहभागिता निभाएं।
5 स्थानों पर लगाए जाएंगे शिविर
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के अनुसार अधिक से अधिक नागरिकों को इस योजना का लाभ देने के लिए शहर में पांच स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें नगर निगम कार्यालय, बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास, दुर्गा चौक खिरहनी, माधवनगर उप कार्यालय एवं सुभाष चौक शामिल हैं। यहां नियमानुसार संपत्ति कर एवं जलकर के अधिभार में शत-प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी।
घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
ऐसे नागरिक जो शिविर स्थल तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही बकाया करों का भुगतान किया जा सकता है और अधिभार में छूट का लाभ लिया जा सकता है। इसके अलावा अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 7552465110 पर मैसेज कर चैटबॉट सेवा के जरिए भी कर संबंधी जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है, जिसकी रसीद व्हाट्सएप पर ही उपलब्ध होगी।
नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 9 मई को आयोजित नेशनल लोक अदालत में पहुंचकर बकाया करों का भुगतान करें और छूट का लाभ उठाते हुए शहर के विकास कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।