वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट। इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है। गिरफ्तार बदमाश ने शिवपुर क्षेत्र में महिला से चेन लूट की वारदात कबूल करते हुए अपने साथी के साथ मिलकर कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .15 बोर, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।