राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के प्रसिद्ध पीर बाबा दरगाह स्थल पर 10 एवं 11 मई 2026 को आयोजित होने वाले हज़रत इशाह दाता चिश्ती (र.अ.) के सालाना उर्स मुबारक एवं कव्वाली समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने रक्षित केंद्र कटनी में पुलिस बल को ब्रीफिंग देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पूरी मुस्तैदी और शालीनता के साथ कर्तव्यों के निर्वहन के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा उर्स स्थल का निरीक्षण कर ड्यूटी में लगे थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। मेले के दौरान पार्किंग स्थल, कव्वाली मंच, मीना बाजार, झूला स्थल और उर्स चौपाटी जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है।
किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु स्थानीय थाना पुलिस, यातायात पुलिस एवं अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है, वहीं भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन पॉइंट भी निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा इस आयोजन को सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक बनाने के उद्देश्य से सभी समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
कटनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उर्स मेले के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर दें।