राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
मध्यप्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा कटनी नदी की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रयागराज से मंगाई गई अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन के माध्यम से कटाए घाट स्थित नदी क्षेत्र में लगातार सफाई कार्य किया जा रहा है। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कटाए घाट पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया और अभियान को नदी संरक्षण की दिशा में अहम पहल बताया।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि कटनी नदी शहर की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर है, जिसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पहली बार आधुनिक मशीनी तकनीक के जरिए नदी में जमा जलकुंभी, चोई और अन्य अवांछित सामग्री को हटाने का कार्य किया जा रहा है। इससे नदी के जल प्रवाह में सुधार होगा और स्वच्छता के साथ नदी की सुंदरता भी बढ़ेगी।
नगर निगम द्वारा कटाए घाट से शुरू किया गया यह सफाई अभियान चरणबद्ध तरीके से गाटर घाट तक संचालित किया जाएगा। ट्रैश क्लीनर मशीन की सहायता से नदी की सतह पर तैरते कचरे और गाद को हटाकर जल धारण क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वर्षाकाल में जलभराव की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
महापौर ने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का जनअभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नदी और अन्य जल स्रोतों में कचरा एवं पूजन सामग्री न डालें तथा अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।