राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। मंगलवार को मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
महापौर Preeti Sanjeev Suri ने उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को पारदर्शी, सरल और जवाबदेह व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर कार्रवाई प्रारंभ कराई गई। महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही की जाए तथा निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। साथ ही नागरिकों को समाधान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
महापौर ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नगर निगम की इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु जनसुनवाई में सहभागिता करें।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की जा सकी।