कैमोर
औद्योगिक नगरी कैमोर में ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही एवं सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों को लेकर कैमोर सीमेंट एवं खदान कर्मचारी संघ ने थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विगत 10 मई को एसीसी अदानी सीमेंट उद्योग में कार्यरत एक ठेका श्रमिक की ड्यूटी पर आने के दौरान अज्ञात हाइवा वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र के मजदूरों एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी को लेकर विगत 12 मई को मजदूर संघ द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया। रैली मुरलीधर मंदिर से प्रारंभ होकर पेट्रोल पंप मार्ग होते हुए कैमोर थाना पहुंची, जहां संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मजदूर संघ अध्यक्ष गणेश राव, मुकेश गौतम सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन में नो एंट्री के समय में परिवर्तन, ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने, रात्रिकालीन भारी वाहनों की जांच बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने जैसी विभिन्न मांगें शामिल रहीं।
मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट