दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार पेट्रोल पंप के पास रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को ठोक दिया। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को टेंपो से विंढमगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरनाकछार ग्राम पंचायत निवासी अशोक विश्वकर्मा (45), उनके पुत्र सूर्यकांत विश्वकर्मा (25) एवं सहयोगी पिंटू (20) मोटरसाइकिल से पड़ोसी सलैयाडिह गांव के वैवाहिक कार्यक्रम में टेंट का सामान लगवाने जा रहे थे। टेंट का सामान मालवाहक वाहन पर लोड था, जबकि तीनों बाइक पर पीछे-पीछे आ रहे थे। विंढमगंज से दुद्धी की ओर आ रही ट्रक ने अचानक उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अशोक विश्वकर्मा का दाहिना पैर, सूर्यकांत का दाहिना हाथ तथा पिंटू का दाहिना पैर बुरी तरह चूर-चूर हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ से तीनों को तत्काल टेंपो से विंढमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉ. सत्येंद्र प्रसाद एवं फार्मासिस्ट रंजीत ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजन अस्पताल पहुंचकर रो-रोकर बुरा हाल कर रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया तथा थाने भेज दिया। विंढमगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।