शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़या भोला नाथ गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पीड़ित पक्ष ने घर पर हमला, मारपीट और अस्पताल परिसर में दोबारा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित इरफान अहमद ने थाना डुमरियागंज में दी गई तहरीर में बताया कि गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच अंडा फेंकने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोग उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई।
पीड़ित के अनुसार, रात करीब 11 बजे आरोपित पक्ष के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर दोबारा पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि रात करीब 1 बजे अस्पताल परिसर में पहले से मौजूद लगभग 30 से 35 लोगों ने पीड़ित पक्ष पर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान मारपीट के साथ-साथ पीड़ितों की थार गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना में इरफान अहमद, इम्तियाज, इलियास और राजू के घायल होने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।