अकरम पटेल की रिपोर्ट
बैतूल
हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को थाना गंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को हमलापुर निवासी विशाल सातनकर की शिकायत पर ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव, पिल्लू उर्फ फुलचंद करोचे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बाबूराव सातनकर के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान बाबूराव की मौत हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाई गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित टीम ने फरार आरोपी आकाश उर्फ रज्जु यादव (27) निवासी बरसाली को हमलापुर चौक क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मेढ़ विवाद को लेकर साथियों के साथ मिलकर मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का नोजल पाइप भी जब्त किया है।
प्रकरण में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल सहित थाना गंज एवं साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही।