रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा
डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई। शासन के निर्देश पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शैलेंद्र सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर डेंगू-मलेरिया जागरूकता रथ को रवाना किया।
यह जागरूकता रथ नगर के सभी 15 वार्डों में भ्रमण कर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देगा। रथ के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर नागरिकों को साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी।
इस दौरान बीएमओ डॉ. शैलेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया तेजी से फैलने वाली बीमारियां हैं, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, जबकि मलेरिया गंदे पानी और जलभराव वाले स्थानों में फैलने वाले मच्छरों से होता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकियों और बर्तनों का पानी समय-समय पर बदलते रहें तथा पूरी बांह के कपड़े पहनें। रात में मच्छरदानी का उपयोग करें और तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को पंपलेट वितरित किए जाएंगे तथा लाउडस्पीकर के जरिए डेंगू और मलेरिया से बचाव संबंधी संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य बीमारी फैलने से पहले लोगों को सतर्क करना और नगर को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाना है।
रथ को रवाना करते समय रामहेत जाटव, बृजमोहन सिंह तोमर, रणजीत सिंह कुशवाहा, राजकुमार माहौर, हुब्बलाल पुष्कर, जगबीर सिंह सिकरवार, बड़े सिंह तोमर, होतीलाल प्रजापति, अनिरुद्ध सिंह तोमर, शिवम राजपूत सहित स्वास्थ्य विभाग एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।