दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 स्थित बढ़नी नाला के उत्तरी छोर पर सोमवार को तहसीलदार व नगर पंचायत अधिकारियों की मौजूदगी में नाले से आंशिक रूप से अवैध कब्जा हटाया गया। यह कार्रवाई 2 मई 2026 को प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में की गई।
तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता ने बताया कि नाले की कानूनी चौड़ाई 16 फीट है और उसके ऊपर अवैध निर्माण किए गए थे। मौके पर जेसीबी मशीन से पहले कंक्रीट रोड सहित कुछ निर्माण उखाड़े गए। शेष अतिक्रमण की नाप-जोख कराने के बाद मंगलवार को पुनः जेसीबी से शेष कार्यवाही की जाएगी।
नगर पंचायत दुद्धी के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार की उपस्थिति में शिकायतकर्ता संदीप गुप्ता, राकेश मद्धेशिया, सरजू अग्रहरि और प्रेमचंद गुप्ता ने उप-जिलाधिकारी द्वारा की जा रही कार्रवाई की पुष्टि की। अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया गाटा संख्या 949क (0.0350 हेक्टेयर, नाली) व गाटा संख्या 949ग (0.1140 हेक्टेयर, नाला, दुद्धी स्टेट मैनेजर, लैंड रिफॉर्मर्स कमिश्नर के नाम पर दर्ज) में शुरू कर दी गई है।
स्थानीय पुलिस टीम, क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तथा नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे। तहसीलदार ने कहा कि नाले के संरक्षण और भूमि की राजस्व प्रविष्टियों को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कब्जों को पूरी तरह हटाया जाएगा।