दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में मंगलवार शाम लगभग 5 बजे एक निर्माणाधीन मकान से गिरती ईंटों के नीचे दबने से 2 वर्षीय अनुप्रिया पुत्री श्रवण कुमार भारती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी किसी बच्चे के ऊपर चढ़ने से मकान की कच्ची जोड़ी कमजोर हो गई और ऊपर रखी ताज़ा लगी हुई ईटें नीचे आकर दीवार के पास खेल रही अनुप्रिया पर भरभराकर गिर गईं।
घटना में अनुप्रिया के सिर और शरीर के अन्य भागों पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से बच्ची को आनन-फानन निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बच्ची को घर ले गए, लेकिन कुछ देर बाद उसके मुंह से खून आने लगा। तब परिजनों ने एम्बुलेंस (108) को बुलाया और बच्ची को पुनःसीएचसी लाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ सुनील ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्राथमिक इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. सुनील ने बताया कि बच्ची की स्थिति नाजुक है और जिला अस्पताल में आवश्यक जांच व चिकित्सकीय मदद हेतु रेफर किया गया है।