राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के थाना माधवनगर अंतर्गत चौकी निवार पुलिस ने मनेहरा के जंगल में करंट लगाकर जानवरों का शिकार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मनेहरा के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान पता चला कि व्यक्ति की मौत करंट लगने से हुई है। शव बुरी तरह झुलसा हुआ मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर 19 मई 2026 को आरोपी राकेश उर्फ मंजा पिता बिहारी चौधरी उम्र 29 वर्ष निवासी मनेहरा थाना माधवनगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जंगल में करंट फैलाकर जानवरों का शिकार करता था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार, आरक्षक अरविंद एवं बकील की अहम भूमिका रही।