राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीणों को अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से थाना ढीमरखेड़ा पुलिस द्वारा ग्राम चौपाल अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे एवं पुलिस स्टाफ द्वारा ग्राम पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित चौपालों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अब तक कोठी, इटौली, बांध, ढीमरखेड़ा, सनकुई, मुरवारी, सिलाई, देवरी मारवाड़ी, पौड़ीखुर्द, सिमरिया, खमतरा एवं गूड़ा गांवों में चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को विशेष जानकारी दी। लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा न करने की समझाइश देते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा के तहत घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा हेल्पलाइन 1090 और 1098 के बारे में जागरूक किया गया। वहीं नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत अवैध शराब और मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव बताते हुए ग्रामीणों से सूचना साझा करने की अपील की गई।
यातायात नियमों के पालन को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया गया तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहें और अपुष्ट खबरें साझा न करने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी पुलिस द्वारा की गई।
ग्राम चौपालों में “डायल 112” आपातकालीन सेवा की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने लोगों से “पुलिस मित्र” बनकर सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने का आह्वान भी किया।
ढीमरखेड़ा पुलिस का कहना है कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है। यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।