शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले कारागार के भोजनालय का निरीक्षण किया और बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इसके बाद बैरकों का निरीक्षण करते हुए बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा दैनिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय जिला कारागार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। हालांकि अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जेल परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके। इसके लिए कारागार प्रशासन को नियमित रूप से सघन तलाशी अभियान चलाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि जिला कारागार में आने वाले प्रत्येक नए बंदी का जेल चिकित्सकों द्वारा अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके और उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कारागार अधीक्षक को निर्देश दिया कि वह नियमित रूप से जेल का निरीक्षण करते रहें तथा निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष सतर्क दृष्टि बनाए रखें। साथ ही समय-समय पर बंदियों की गतिविधियों और जेल की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते रहें।
अधिकारियों ने कहा कि कारागार की सुरक्षा और बंदियों की सुविधाओं को लेकर शासन पूरी तरह गंभीर है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।