शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जनपद के थाना नौगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर ग्रांट के चौराहा खास सोहास-नौगढ़ मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गर्मी से बचने के लिए सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठे लोगों पर अचानक एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में एक 9 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय भीषण गर्मी के कारण कई ग्रामीण सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठे हुए थे। तभी सोहास की तरफ से आ रहा एक ई-रिक्शा अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे वहां बैठे लोगों पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
इस दुर्घटना में फूला देवी पत्नी मुनिराज यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका 9 वर्षीय पोता रिशाल पुत्र राजेंद्र यादव ई-रिक्शा के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मासूम रिशाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं फूला देवी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं और हड्डियां भी टूट गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा चालक समेत वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक श्यामधनी राही के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही इलाज और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में भी सहयोग किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।